रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया कोतवाली क्षेत्र में एयरफोर्स के रिटायर्ड जवान से डेढ़ लाख रुपए का उचक्कागिरी का मामला सामने आया है। उमरगंज निवासी समीतुल्लाह अंसारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
घटना रेलवे स्टेशन के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक की है। समीतुल्लाह ने दो अलग-अलग खातों से कुल डेढ़ लाख रुपये निकाले। उन्होंने पैसों को थैले में रखकर बाइक की डिग्गी में रखा। बिशुनीपुर चौराहे पर ट्रैफिक जाम की वजह से उन्हें बाइक रोकनी पड़ी। इसी दौरान किसी ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
समीतुल्लाह ने बताया कि गिरने से बचाने के बहाने एक व्यक्ति ने उनकी मदद की। इसी बीच किसी ने डिग्गी से पैसों वाला थैला चुरा लिया। थैले में पासबुक भी थी। घटना के बाद वह तुरंत ओक्डेनगंज चौकी पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बैंक और पास के एक मेडिकल स्टोर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई है। फुटेज में दिखा कि चार संदिग्ध व्यक्ति समीतुल्लाह का पीछा कर रहे थे। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।


