रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया जिले के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के कटहुरा गांव में एक विधवा महिला की भूमिधरी जमीन पर कुछ लोगों द्वारा जबरन कब्जा कर लिया गया है। पीड़िता सीतामुनी तिवारी ने बताया कि यह जमीन उनकी और प्रियंका के नाम से संक्रमणीय भूमिधरी है।
प्रियंका, सीतामुनी के देवर अमरजीत तिवारी की पुत्री हैं। अमरजीत की मृत्यु के बाद यह जमीन नाबालिग प्रियंका को विरासत में मिली थी। नाबालिग होने के कारण जमीन के संरक्षक के रूप में तहसीलदार की नियुक्ति की गई थी।
सीतामुनी के अनुसार, कुछ लोगों ने जमीन पर अवैध रूप से नाद-चरण रखकर कब्जा कर लिया है। जब उन्होंने विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। अब वह न्याय की आस में रसड़ा कोतवाली और तहसील के चक्कर लगा रही हैं।
पीड़िता ने एसडीएम, तहसीलदार और प्रभारी निरीक्षक रसड़ा को शिकायती पत्र सौंपा है। लेकिन थाने में शिकायत के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जान-माल की सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।


