रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। आजमगढ़ की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) ने बुधवार को बलिया के गुदरी बाजार में एक बड़ी कार्रवाई की। ज्वाइंट कमिश्नर निलेश सिंह के निर्देश पर टीम ने व्याहुत ट्रेडर्स की दुकान पर छापा मारा। जांच में जीएसटी आईटीसी में 20 लाख रुपए का अंतर मिला।
दुकान पर माल नहीं मिलने पर प्रोपराइटर दशरथ कुमार के पुत्र अमन कुमार ने महावीर घाट स्थित गोदाम में माल होने की जानकारी दी। टीम जब गोदाम पहुंची तो वह बंद मिला। मौके पर मौजूद व्यक्ति के पास गोदाम की चाबी नहीं थी।
अमन कुमार ने बताया कि उनके पिता बाहर गए हैं और आने में देर होगी। एसआईबी की टीम ने करीब 4-5 घंटे तक प्रोपराइटर का इंतजार किया। प्रोपराइटर के नहीं पहुंचने पर टीम ने गोदाम को सीज कर दिया।
छापेमारी में आजमगढ़ से डिप्टी कमिश्नर उपयुक्त मैनेजर चौरसिया, सहायक आयुक्त निधि श्रीवास्तव और बलिया से सहायक आयुक्त अनिल कुमार यादव व राज्य कर अधिकारी अवधेश कुमार शामिल थे।



