बलिया में किराना व्यवसाई को उधारी मांगने पर युवक ने पीटा, मुकदमा दर्ज
रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। बलिया के गड़वार थाना क्षेत्र के लारपुर गांव में किराना दुकानदार से उधारी मांगने पर मारपीट का मामला सामने आया है। बुधवार शाम को हुई इस घटना में किराना व्यवसाई पारस नाथ सिंह को चोटें आईं।
घटना के अनुसार, पारस नाथ सिंह की लारपुर गांव में किराना दुकान है। गांव के साकेत राजभर ने उनकी दुकान से सामान उधार लिया था। जब पारस ने साकेत से बकाया राशि मांगी तो उसने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट कर दी।
घायल दुकानदार के भतीजे संजय सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। गड़वार थानाध्यक्ष राजेश बहादुर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मारपीट से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी साकेत का चालान कर दिया है।



