रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। मऊ में रामस्वरूप विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने मशाल यात्रा निकाली। यात्रा आर्य समाज से मिर्जाहादीपूरा चौक तक निकाली गई।
ABVP के प्रांत सह मंत्री शशिकांत मंगलम ने विद्यार्थियों पर हुए लाठीचार्ज को अमानवीय बताया। जिला संयोजक अनन्या शर्मा ने बताया कि इस घटना के विरोध में पूरे प्रदेश के जिला केंद्रों पर प्रदर्शन किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगे हैं। बिना अनुमति के विधि पाठ्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। छात्रों से अवैध शुल्क वसूली की शिकायतें हैं। बिना चेतावनी के छात्रों को निष्कासित किया जा रहा है।जिला संगठन मंत्री ज्ञान प्रकाश सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय ने 6 बीघा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है। तहसीलदार कोर्ट ने 25 अगस्त को विश्वविद्यालय प्रबंधन पर 27.96 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। कोर्ट ने 15 दिन में जुर्माना अदा करने और अवैध निर्माण हटाने का आदेश दिया है।
ABVP ने मांग की है कि लाठीचार्ज में शामिल पुलिसकर्मियों और बाहरी लोगों पर कार्रवाई हो। साथ ही विश्वविद्यालय में चल रही अनियमितताओं की जांच कर 48 घंटे में कार्रवाई की जाए।



