निर्माण कार्यों से संबंधित विभाग गुणवत्ता का रखें विशेष ध्यान,गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर होगी कड़ी कार्रवाई:- मंडलायुक्त
आगामी त्योहारों के दृष्टिगत पूर्व में ही कर ले सारी तैयारियां, आतिशबाजी के भंडारण एवं परिवहन पर रखें विशेष नजर:- डीआईजी
मुरली मनोहर पांडेय
मऊ। मंडलायुक्त श्री विवेक जी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आज कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस दौरान मंडलायुक्त महोदय द्वारा उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता के विभिन्न धाराओं में लंबित वादों के निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। राजस्व वादों के निस्तारण की समीक्षा के दौरान धारा 24, धारा 67,धारा 38(2) धारा 80 तथा धारा 116 में समस्त तहसीलों में स्थित विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों के निस्तारण की विस्तृत समीक्षा मंडलायुक्त महोदय द्वारा की गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि जमीन विवाद कानून व्यवस्था के लिए भी ठीक नहीं है। अतः वादों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय सीमा के अंदर निस्तारित करें। इसके लिए उन्होंने राजस्व एवं पुलिस को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने को कहा। जनसुनवाई के दौरान जमीनी विवाद से संबंधित शिकायतों का दोनों पक्षों को साथ बैठाकर मौके पर जाकर विवादों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान ही सड़क सुरक्षा समिति के कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी ने बताया कि पिछले वर्ष के सापेक्ष इस वर्ष सड़क दुर्घटना में वृद्धि हुई है। इसके अलावा 26 नए ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं जिनमें पीडब्ल्यूडी के 16, एन एच ए आई के 9 तथा यूपीडा के एक ब्लैक स्पॉट चिन्हित हैं। एन एच ए आई के जनपद प्रतिनिधि द्वारा चिन्हित ब्लैक स्पॉट के बारे में जानकारी न होने पर मंडलायुक्त महोदय ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई हेतु पत्र लिखने के निर्देश दिए। इसके अलावा जनपद में चिन्हित जंक्शन पर भी उन्होंने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई करने को कहा जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। इस दौरान डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने अन्य जनपद एवं प्रदेशों की गाड़ियों को बिना वजह परेशान करने पर यातायात पुलिस को सख्त निर्देश दिए कि इस तरह का प्रकरण संज्ञान में ना आए। इसके अलावा नो हेलमेट नो फ्यूल अभियान पर भी विशेष ध्यान देने की निर्देश डीआईजी द्वारा दिए गए। कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जनपद में कानून व्यवस्था अच्छी होने पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पुलिस कर्मियों को शाबाशी दी। साथ ही आगामी त्योहारों को देखते हुए पूर्व में ही पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने किसी भी नई परंपरा के शुरुआत ना होने पाए, यह भी सुनिश्चित करने को कहा। मूर्ति विसर्जन को देखते हुए उन्होंने नदियों, तालाब पर विसर्जन स्थलों का निरीक्षण पूर्व में ही कर लेने तथा समय से पीस कमेटी की बैठक कर संबंधित लोगों को शासन की मंशा से अवगत कराने के निर्देश दिए। डीआईजी महोदय ने आतिशबाजी के भंडारण एवं उसके परिवहन पर भी कड़ी नजर रखने को निर्देश समस्त थाना अध्यक्षों को दिए। इसके अलावा अवैध शराब तथा भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में उचित ट्रैफिक की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा। मंडलायुक्त महोदय ने कहा कि त्योहारों के दृष्टिगत विशेष सतर्कता रखें। ट्रिपल सवारी, बिना हेलमेट के सवारी तथा ड्रिंकिंग कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करें। उन्होंने कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु समस्त उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा जिससे जनता के हित में अधिक से अधिक कार्य किया जा सके। इस दौरान आगामी त्यौहारों को देखते हुए उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं समस्त अधिशासी अधिकारियों को विशेष साफ सफाई करने के भी निर्देश दिए
विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान डे एनआरएलएम में बैंक में लंबित आवेदनों का तत्काल निस्तारण के निर्देश मंडलायुक्त ने दिए।जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान उन्होंने खुदाई के दौरान खराब सड़कों को तत्काल संबंधित एजेंसियों द्वारा दुरुस्त करने को कहा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने अवैध अस्पतालों पर अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों द्वारा इसमें संलिप्तता पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका तथा सीएमओ को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि प्राइवेट हॉस्पिटलों के सामने सड़कों पर अतिक्रमण न होने पाए। मंडला युक्त ने सीएमओ को दिव्यांग बच्चों को चिन्हित कर उनके इलाज हेतु विशेष प्रयास करने के भी निर्देश दिए। सामाजिक वनीकरण की समीक्षा के दौरान उन्होंने पौधारोपण के उपरांत पौधों की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही पौधों को जीवित रखने हेतु डी सी मनरेगा एवं खंड विकास अधिकारियों को भी इसमें विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने ग्राम प्रधानों को भी इससे जोड़ने को कहा।निराश्रित गो वंश संरक्षण की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी गो आश्रय स्थलों में विशेष साफ सफाई करने, हरे चारे एवं पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को हर माह समस्त कस्तूरबा गांधी विद्यालयों का निरीक्षण करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा खंड शिक्षा अधिकारियों को भी हर माह समस्त कस्तूरबा विद्या गांधी विद्यालयों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने नगर पंचायत कुर्थी जाफरपुर से संबंधित शिकायत पर जांच रिपोर्ट तकनीकी रूप से ठीक ना प्रस्तुत करने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा सी आर ओ की अध्यक्षता में पुनः जांच कमेटी का गठन कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त ऐसे विभागों को जो निर्माण कार्य से जुड़े हैं, सारे निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा निर्माण कार्यों में जानबूझकर की गई गड़बड़ी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।इस दौरान उन्होंने समस्त अधिकारियों को समय से कार्यालय पहुंचने तथा जनता दर्शन के दौरान लोगों से सम्मान पूर्वक व्यवहार करने को कहा। इसके अलावा जिला एवं पुलिस प्रशासन को मिल बैठकर जनता के हित में काम करने के भी निर्देश मंडलायुक्त द्वारा दिए गए। इस दौरान जिला अधिकारी श्री प्रवीण मिश्र, पुलिस अधीक्षक श्री इलमारन जी, मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रशांत नागर,अपर पुलिस अधीक्षक,समस्त उप जिलाधिकारी,क्षेत्राधिकारी, समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



