खराब प्रदर्शन करने वाले वेंडर्स के खिलाफ करें कड़ी कार्रवाई:- जिलाधिकारी
मुरली मनोहर पांडेय
मऊ। आज जिलाधिकारी श्री प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रगति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। समीक्षा के दौरान पी ओ नेडा ने बताया की विद्युत वितरण खंड द्वितीय, पीडब्ल्यूडी, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग,अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, कृषि, सहकारिता एवं समस्त तहसीलों द्वारा उनके लिए निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष शून्य इंस्टॉलेशन पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत हुए हैं। जिलाधिकारी में कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए ऐसे समस्त विभागों को जिन्होंने अभी तक इस योजना के तहत कोई भी इंस्टॉलेशन नहीं करवाया है उसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान नगर पालिका परिषद मऊ सहित समस्त नगर पंचायत, खंड विकास अधिकारियों, विद्युत वितरण खंड तृतीय,खाद्य आपूर्ति विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, उद्यान विभाग,उद्योग विभाग की प्रगति निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अच्छी थी। बैठक के दौरान पी ओ नेडा ने बताया कि जनपद में अब तक पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना के तहत 20397 आवेदन हुए हैं परंतु अभी तक मात्र 728 इंस्टॉलेशन हुए हैं तथा 108 इंस्टॉलेशन प्रक्रिया में है। इस दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग एवं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा शून्य इंस्टॉलेशन को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की एवं शीघ्र ही इस संदर्भ में विशेष प्रयास कर इंस्टॉलेशन का कार्य पूर्ण करने को कहा। वेंडर्स द्वारा भी इस योजना का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार न करने तथा इस योजना से अभी तक अधिक से अधिक लाभान्वित न करने पर उन्होंने पी ओ नेडा को संबंधित वेंडर्स के खिलाफ कड़ी करवाई करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने बैंकों में इस योजना हेतु लंबित आवेदनों के तत्काल निस्तारण करने के भी निर्देश दिए जिससे इस योजना के तहत लाभार्थियों की संख्या में वृद्धि की जा सके। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने ऐसे वेंडर्स को भी चिन्हित करने को कहा जिनका प्रदर्शन उनके निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष बहुत ही खराब रहा है। ऐसे चिन्हित वेंडर्स के खिलाफ उन्होंने कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रशांत नागर,परियोजना निदेशक नेडा अरविंद पांडे सहित समस्त उप जिलाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा वेंडर्स उपस्थित रहे।
