रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक नगर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस बड़ागांव स्थित मदरसा अनवारुल कुरान से शुरू हुआ। इसमें नगर और आसपास के गांवों से हजारों लोगों ने हिस्सा लिया मदरसा शमसुल उलूम, मदरसा अमजदिया और मदरसा खैरिया फैज आम सहित कई प्रमुख मदरसों और मस्जिदों के लोग जुलूस में शामिल हुए। युवा हाथों में झंडे लेकर नात-ओ-कसीदे पढ़ते हुए पैगंबर की शान में नजराने पेश कर रहे थे।
जुलूस करीमुद्दीनपुर, बड़ागांव, मधुबन मोड़, तहसील मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय, याहिया मार्केट और मझवारा मोड़ से होकर गुजरा। रास्ते में लोगों ने शरबत, मिठाई और पानी बांटकर जुलूस का स्वागत किया। जुलूस वापस मदरसा अनवारुल कुरान पहुंचा। यहां देश की तरक्की और शांति के लिए विशेष प्रार्थना की गई।
प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। उपजिलाधिकारी घोसी अशोक कुमार सिंह, सीओ जितेंद्र सिंह, कोतवाल प्रमेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक आकाश श्रीवास्तव और सूरज सिंह पीएसी के जवानों के साथ मौजूद रहे। हजारों की भीड़ के बावजूद पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण रहा।



