रिपोर्ट : अजमत सूफी
मापुसा (गोवा)। आज से गोवा के मापुसा स्थित पेडणे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 14वीं एक्रोबैटिक जिमनास्टिक्स एशियाई चैंपियनशिप 2025 का आगाज हो गया। यह तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय आयोजन 2 नवंबर तक चलेगा। जिमनास्टिक फेडरेशन ऑफ इंडिया (GFI) और गोवा सरकार के संयुक्त तत्वावधान में हो रहे इस टूर्नामेंट में भारत पहली बार मेजबानी की जिम्मेदारी निभा रहा है।
एशियाई जिमनास्टिक संघ के अधिकारियों ने इसे "ऐतिहासिक कदम" करार देते हुए कहा कि यह आयोजन देश में जिमनास्टिक्स को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। पूरे एशिया के शीर्ष जिमनास्ट यहां ताकत, कला और टीमवर्क का अनूठा प्रदर्शन करेंगे।
जूनियर, यूथ और सीनियर वर्गों में भारत की मजबूत टीम मैदान में उतरेगी। नागपुर की अक्षयनी ठाकरे, गरिमा वर्धे और संबोधि हिरेखान सहित अन्य राज्यों के युवा जिमनास्ट जूनियर वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
गोवा में मौजूद खेल प्रेमी इस रोमांचक मुकाबले का हिस्सा बन सकते हैं। टिकट और अन्य जानकारी के लिए GFI की आधिकारिक वेबसाइट पर संपर्क करें।
