रिपोर्ट : बीके सिंह
लखीमपुर। थाना हैदराबाद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत निपनिया में गोला-लखीमपुर रोड के पास स्थित एक सरकारी तालाब में बड़े पैमाने पर अवैध प्लॉटिंग कराई जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ग्राम पंचायत की भूमि पर स्थित इस तालाब में मिट्टी डलवाकर उसकी पटाई की जा रही है, और धीरे-धीरे दीवारें खड़ी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि खनन माफिया रातों-रात डंपर चलाकर तालाब को पाटने का काम कर रहे हैं। इस पूरे प्रकरण में लेखपाल और स्थानीय पुलिस की मिलीभगत की भी आशंका जताई जा रही है।
गांव के जागरूक नागरिकों का कहना है कि यह सार्वजनिक संपत्ति है, जिस पर अवैध कब्जा कर निजी प्लॉटिंग की जा रही है, जिससे गांव के प्राकृतिक जल संसाधन और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचेगा।
