मुरली मनोहर पांडेय
मऊ। जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र के लखनुआड़ीह गांव के समीप रविवार की शाम करीब सात बजे 45 वर्षीय राजेश सिंह उर्फ मंटू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक पिरुआ गांव का निवासी था। उसका शव सड़क किनारे पड़ा मिला, जिसे आसपास के लोगों ने सड़क हादसा समझकर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सीने में गोली लगने की पुष्टि करते हुए हत्या की बात कही।
परिजनों के अनुसार, राजेश सिंह रविवार शाम कांझा बाजार में छठ पूजा का सामान खरीदने गया था। घर लौटते समय बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने पीछे से गोली मार दी, जिससे उसकी सिर और छाती में गोली लगी। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही रानीपुर थाना प्रभारी सुभाष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। रात करीब 10 बजे पुलिस अधीक्षक (एसपी) इलामारन जी. भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। एसपी ने बताया कि मामले की जांच के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गई हैं। संभावित स्थानों पर पूछताछ और हमलावरों की पहचान के लिए जांच तेजी से की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
