मुरली मनोहर पांडेय
मऊ। जिलाधिकारी ने जन समस्याओं के ग्रामीण स्तर पर ही निस्तारण को ध्यान में रखते हुए आज समस्त उप जिला अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों एवं सरकारी योजनाओं के संचालन में अग्रणी विभागों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल मीटिंग की। इस मीटिंग के दौरान उन्होंने जनपद के समस्त ग्रामों में चौपाल लगाने के निर्देश दिए। इसके लिए नवंबर के प्रथम सप्ताह में रोस्टर तैयार कर लेने को कहा। इस चौपाल के दौरान राजस्व विभाग, ग्राम विकास विभाग, स्वास्थ्य, श्रम, पूर्ति विभाग के साथ ही सरकारी योजनाओ का संचालन करने वाले समस्त विभागों की जन समस्याओं के निस्तारण का कार्य किया जाएगा। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन का स्थलीय परीक्षण भी होगा। इस दौरान जन सामान्य से जुड़ी समस्याओं जैसे आयुष्मान कार्ड, अंत्योदय कार्ड,जमीनी विवाद आदि का निस्तारण ग्राम स्तर पर ही तत्काल किया जाएगा। इस चौपाल के दौरान जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के अलावा मुख्य राजस्व अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी,खंड विकास अधिकारी की उपस्थिति भी रहेगी। जिलाधिकारी के इस विशेष प्रयास से जन समस्याओं के निस्तारण में सहूलियत मिलेगी साथ ही लोगों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही हो जाएगा। जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित अधिकारियों को ग्राम चौपाल से संबंधित कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने हेतु निर्देशित भी किया है।