रिपोर्ट : बीके सिंह
लखीमपुर खीरी। थाना ईसानगर क्षेत्र के पीलीभीत बस्ती हाईवे पर स्थित बोझिया गांव के निकट मंगलवार को सड़क हादसे में एक 5 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची ईसानगर पुलिस ने बालक के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के हसनापुर निवासी मुनीम अपने 5 वर्षीय बेटे निर्मल व पत्नी के साथ बाइक से दवा लेने कस्बा खमरिया गए थे। मंगलवार की शाम करीब 3:00 बजे वापस घर जाते समय बोझिया गांव के पास पीलीभीत बस्ती हाईवे पर अज्ञात कारण के चलते 5 वर्षीय बालक उछलकर बाइक से नीचे गिर गया और पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात बस ने निर्मल को टक्कर मार दी। जिससे निर्मल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर तत्काल मौके पर पहुंचे ईशानगर थानाध्यक्ष निर्मल तिवारी व उनकी पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जिला मुख्यालय भेज दिया। वहीं बालक की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
