रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। डीसीएसके पीजी कॉलेज, मऊ के पत्रकारिता विभाग द्वारा विद्यार्थियों के लिए एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके अंतर्गत छात्रों ने जिले के तीन प्रमुख समाचार संस्थानों — राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण — के कार्यालयों का दौरा किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मीडिया जगत की वास्तविक कार्यप्रणाली से अवगत कराना और समाचार निर्माण की प्रत्येक प्रक्रिया की बारीकियों को नजदीक से समझाना था।
भ्रमण के दौरान छात्रों को तीनों समाचार संस्थानों के वरिष्ठ संवाददाताओं से मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
राष्ट्रीय सहारा में प्रदीप सिंह,
अमर उजाला में रजनीकांत पांडे,
और दैनिक जागरण में जयप्रकाश निषाद ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पत्रकारिता के सिद्धांत, रिपोर्टिंग की चुनौतियां, तथ्यपरकता, संपादन की प्रक्रिया और समाचार की प्रस्तुति पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एक पत्रकार के लिए सटीकता, निष्पक्षता और समयबद्धता सबसे महत्वपूर्ण तत्व हैं, और इन्हीं के आधार पर पत्रकारिता की विश्वसनीयता कायम रहती है।
कार्यक्रम में एम.ए. और बी.ए. पत्रकारिता के सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस शैक्षणिक भ्रमण के संयोजक डीसीएसके पीजी कॉलेज मऊ के पत्रकारिता विभाग के ओमकार सिंह थे, जिन्होंने कार्यक्रम का सफल संचालन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के भ्रमण छात्रों को समाचार जगत की गहराइयों को समझने, मीडिया के व्यवहारिक पक्ष को जानने और एक जिम्मेदार पत्रकार बनने की दिशा में सशक्त आधार प्रदान करते हैं।
छात्रों ने इस अनुभव को अत्यंत प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक बताया तथा कहा कि सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण जैसे प्रमुख मीडिया संस्थानों का प्रत्यक्ष अनुभव उन्हें भविष्य में पत्रकारिता के क्षेत्र में और अधिक निपुण बनने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
