रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। बलिया पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत जनपद के हनुमानगंज, सुखपुरा सहित विभिन्न स्थानों पर महिला चौपालों का आयोजन किया। इन चौपालों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पैंपलेट्स भी वितरित किए गए। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर, महिला सुरक्षा दलों ने गुरुवार को गांवों, कस्बों और मेलों में जाकर महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। चौपालों में मौजूद महिलाओं से आत्मनिर्भर बनने, अपने सम्मान से कोई समझौता न करने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबरों (जैसे 1090, 181, 112, 1076, 108, 1930) पर संपर्क करने की अपील की गई।
इसी कड़ी में, एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, स्कूलों और अन्य सार्वजनिक स्थलों का दौरा किया। उन्होंने बालिकाओं को 'गुड टच-बैड टच' और साइबर सुरक्षा के महत्व के बारे में शिक्षित किया। साथ ही, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और आवश्यकतानुसार उन्हें चेतावनी भी दी गई।
बलिया पुलिस द्वारा किया गया यह प्रयास मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समाज में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
