रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
लखीमपुर खीरी। जिले के धौरहरा क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर खमरिया रंजीतगंज पुल पर मंगलवार देर रात दो बसों के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयानक था कि घटनास्थल पर चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष ईसानगर निर्मल तिवारी, खमरिया थानाध्यक्ष ओपी राय, प्रभारी निरीक्षक धौरहरा शिवाजी दुबे एवं सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
गंभीर रूप से घायल लोगों में जय वर्षा (50 वर्ष), आरती (25 वर्ष), रामवती (55 वर्ष), उमाकांत (30 वर्ष), प्रशांत जंगी (16 वर्ष), आशा (30 वर्ष), सुदीपन (35 वर्ष), चंपा (40 वर्ष), संगीता (42 वर्ष), धन माया (40 वर्ष), राजबहादुर केसरी (35 वर्ष), दीपा (13 वर्ष) शामिल हैं। इन सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार घायलों में अधिकांश यात्री नेपाल के नागरिक हैं। पुलिस-प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सराहनीय सहयोग किया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाने में मदद की।
