रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मुरली छपरा के दो शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मुरलीछपरा बीईओ ने कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्य में किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बीईओ कार्यालय से जारी नोटिस में इब्राहिमाबाद उपरवार प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक रामाश्रय प्रसाद और इब्राहिमाबाद प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक शशांक गौतम को निर्वाचन कार्य में सहयोग न करने और लगातार संपर्क में न रहने का दोषी पाया गया है। दोनों शिक्षकों को बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) का दायित्व सौंपा गया था।
बैरिया एसडीएम एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की ओर से भेजे गए पत्र के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। पत्र में उल्लेख है कि संबंधित शिक्षकों ने निर्धारित समय पर मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ा कार्य पूरा नहीं किया। साथ ही, दोनों शिक्षकों के मोबाइल नंबर बंद पाए गए, जिससे निर्वाचन से संबंधित आवश्यक कार्यों में बाधा उत्पन्न हुई। प्रशासन ने मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे संवेदनशील कार्य में इस तरह की लापरवाही को गंभीर श्रेणी में माना है। खंड शिक्षा अधिकारी ने दोनों शिक्षकों को तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करें।
यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो दोनों शिक्षकों के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में चर्चा तेज हो गई है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह कदम निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के लिए सख्त संदेश है।
