रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ में होली और रमजान के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रात 8 बजे से लेकर रात 2 बजे तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 137 सार्वजनिक स्थानों पर छापेमारी की गई। एसपी इलामारन के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में 25 टीमों ने हिस्सा लिया। टीमों ने 41 शराब की दुकानों और अन्य स्थानों की जांच की। अभियान में 306 लोगों को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते हुए पकड़ा गया।
पुलिस ने 110 लीटर कच्ची शराब और 35 पाउच बंटी-बबली शराब बरामद की। इस मामले में 9 शराब तस्करों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। चेकिंग के दौरान 102 संदिग्ध व्यक्ति पाए गए। पुलिस ने 43 लोगों का 170 बीएसएसएस के तहत, 178 का पुलिस एक्ट 34 के तहत और 132 का 292 बीएसएसएस के तहत चालान किया। साथ ही 226 वाहनों का चालान किया गया और 4 वाहनों को सीज किया गया। एसपी ने बताया कि एक मार्च से दोनों त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। चेकिंग रेलवे स्टेशन, ढाबा, धर्मशाला और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर की गई।
