रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र में एक गंभीर मामला सामने आया है। आरीपुर गांव की एक विवाहिता ने अपने पड़ोसी युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है।
पीड़िता के पति दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। घर में वह अपनी सास के साथ रहती है। पीड़िता ने बताया कि 2 फरवरी को पड़ोस का युवक छत के रास्ते उसके कमरे में घुस गया। उसने महिला के साथ जबरदस्ती की और दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने अश्लील वीडियो भी बना लिया।
आरोपी युवक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार पीड़िता का शोषण करता रहा। 12 फरवरी को जब वह फिर दुष्कर्म कर रहा था, पीड़िता की सास की नींद खुल गई। इसके बाद आरोपी धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति का है। उसने उसके बच्चों और परिवार को जान-माल का खतरा भी बताया है। पीड़िता ने कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब उसने फिर से कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
