रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ के घोसी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह ने भाजपा सरकार पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाया है। विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि वह अपने क्षेत्र में 100 बेड का अस्पताल और आईटीआई व पॉलिटेक्निक कॉलेज बनवाने का प्रयास कर रहे हैं।
तीन बार विधायक रह चुके सुधाकर सिंह ने अपनी उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने क्षेत्र में सड़कों के लिए विधानसभा में आवाज उठाया और निर्माण कार्य करवाया है। इसी के साथ बिजली व्यवस्था और स्वास्थ्य विभाग पर कई सवाल खड़े किए हैं।
उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव की सरकार में विधायक रहते हुए जनता की हर समस्या पर काम किया। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी जातिवाद की राजनीति नहीं करती, बल्कि सभी वर्गों के उत्थान की बात करती है। उन्होंने 2027 के चुनाव के बाद घोसी को विकास के नए आयाम तक ले जाने का संकल्प लिया है। सवाल- घोसी विधानसभा क्षेत्र की मुख्य समस्या क्या है?
जवाब- इस सरकार में कोई विकास कार्य नहीं हो रहा है। इसी वजह से विधानसभा क्षेत्र की सभी सड़कों का जर्जर और खस्ता हालत है। यहां यह समझना मुश्किल है कि सड़क में गड्डा है या गड्ढे में सड़क है। लेकिन इसके बावजूद यहां सड़कों का निर्माण नहीं कराया जा रहा है।
उन्होंने सरकारी विभागों के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए आगे बताया कि वर्तमान सरकार में सभी विभागों के अधिकारी भ्रष्ट हो चुके हैं। किसी भी विभाग में बिना लेन-देन के जनता का एक भी काम नहीं हो रहा है।
सवाल- घोसी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर क्या प्रयास किया जा रहा है?
जवाब- पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सरकार में हमने अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए टेढियाव में 100 बेड का अस्पताल बनवाने का प्रयास किया था। इसी के साथ पॉलिटेक्निक और आईटीआई कॉलेज लाने का प्रयास किया था, जो अभी सुचारू रूप से नहीं चल रहा है।
सवाल- ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री के जनपद में विभागों द्वारा कितना काम किया गया? जवाब- हमारे जनपद के रहने वाले नगर विकास और बिजली मंत्री एके शर्मा बहुत अच्छे आदमी हैं। लेकिन इनके विभागों के अधिकारी इतने बेलगाम है कि बिजली विभाग के जेई घर-घर जा कर कनेक्शन काट दे रही है। विजिलेंस टीम आ रही है तो लाखों का जुर्माना ठोक कर चली जा रही है। इसके बाद यहाँ के अधिकारी 25 से 50 हजार रुपये लेकर समझौता कर रहे हैं।
नगर विकास की बात की जाए तो यहाँ जो कुछ पुराने विकास कार्य किये गए हैं, बस वही सब दिखाई दे रहा है, वर्तमान में नया कुछ भी नहीं हो रहा है। इधर हम लोग शासन से मंजूरी लेकर कुछ विकास कार्य करने जा रहे हैं, जो आने वाले समय में दिखाई देगा। मई तक जनपद की कई सड़कों पर काम दिखने लगेगा। सवाल- जनपद में स्वास्थ्य विभाग और सरकारी अस्पतालों की क्या स्थिति है?
जवाब- सबसे जर्जर हालत स्वास्थ्य विभाग की है, यह बात मैंने पिछले दिनों विधानसभा में भी उठाया था। यहां स्वास्थ्य विभाग की हालत यह है कि किसी भी सरकार अस्पताल में आकस्मिक स्थिति में प्राथमिक उपचार की कोई व्यवस्था नहीं है। यहां के सभी सरकारी डॉक्टर अपना निजी अस्पताल और क्लिनिक चला रहे हैं।
सवाल- सपा विधायक के रूप में वर्तमान सरकार में विकास कार्य करने को लेकर कितनी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है?
जवाब - वर्तमान सरकार में जब कोई काम ही नहीं होने वाला है, तो समस्या कहां से आएगी। यहां कोई भी काम करने के लिए तैयार नहीं हो रहा है। हमने अपनी सारी बातें विधानसभा में उठाया है और लिख कर भी दिया है, लेकिन अबतक तो कुछ नहीं हुआ है।
सवाल- उपचुनाव जितने से पहले आपके द्वारा किये गए वादों पर कितना काम हुआ है?
जवाब- हमने चुनाव जितने के लिए जनता से कोई वादा नहीं किया था। हमने केवल इतना कहा था कि चुनाव जीतने के बाद यहाँ कोई रुकता नहीं है। सुबह चुनाव जीतकर शाम तक राजधानी लखनऊ और दिल्ली का रास्ता पकड़ लेता है। मेरा एक ही वादा था कि मैं हमेशा 40 सालों से उसी नीम के पेड़ के नीचे बैठता हूँ और हमेशा सबको वहीं मिलूंगा।
सवाल- आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव की क्या तैयारी है?
जवाब - आप सभी ने 2023 का उपचुनाव देखा था, वो तो पूरे प्रदेश में एकमात्र चुनाव हुए था। उस समय विधानसभा उपचुनाव जीनते के लिए सरकार के 100 एमएलए और 40 मंत्री जुट गए थे, लेकिन फिर भी चुनाव नहीं जीता पाए, उस चुनाव में घोसी विधानसभा की जनता ने 1 लाख 43 हजार वोटों से पटखनी दी थी। उस विधानसभा की जनता एक बार फिर से 2027 के चुनाव में जवाब देने के लिए तैयार है।

