रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के बापू भवन टाउन हाल में 1942 में ब्रिटिश शासन के दौरान कलेक्टर रहे जे निगम की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि जे निगम ने बलिया की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने बताया कि जे निगम ने क्रांतिकारी चित्तू पांडेय को अपनी कलेक्टर की कुर्सी पर बैठाया था। जब ब्रिटिश सरकार क्रांतिकारियों पर गोली चलवाना चाहती थी, तब निगम ने इससे साफ मना कर दिया। इस कार्रवाई के लिए ब्रिटिश सरकार ने उन पर मुकदमा चलाया और नौकरी से बर्खास्त कर दिया। कार्यक्रम में मौजूद इतिहासकार डॉ. शिव कुमार कौशिकेय ने कहा कि जे निगम ने बलिया को बड़े रक्तपात से बचाया। साहित्यकार जनार्दन राय ने जे निगम के व्यक्तित्व और योगदान पर प्रकाश डाला। परिवहन मंत्री ने यह भी बताया कि जे निगम की पौत्री 1942 की क्रांति पर एक फिल्म बनाने जा रही हैं। उन्होंने इस फिल्म के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और जे निगम के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पार्पण से हुई।
