मौसी के घर से लौटते समय 4 लोगों ने की पिटाई, बाइक भी छीनी; आंख के पास चाकू से वार
रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के बांसडीह में एक प्रेम प्रसंग मामले में युवक पर जानलेवा हमला हुआ है। सहतवार थाना क्षेत्र के सुरहिया निवासी धीरज कुमार राजभर शनिवार रात करीब 8 बजे मनियर से अपनी मौसी के घर से लौट रहा था।
मिश्रवालिया स्थित ईट भट्ठे के पास चार लोगों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपी चंदन, मंजीत, निरहू और रामबाबू ने मिलकर धीरज की बेरहमी से पिटाई की। हमलावरों ने चाकू से उसकी आंख के पास वार किया, जिससे वह घायल हो गया। पिटाई इतनी भयानक थी कि उसके मुंह से खून की उल्टियां होने लगीं।
गंभीर चोटों के कारण सीएचसी बांसडीह के डॉक्टरों ने धीरज को बलिया रेफर कर दिया। आरोपी उसकी सुपर स्प्लेंडर बाइक भी लेकर फरार हो गए। कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। पीड़ित की शिकायत पर सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

