रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बेल्थरारोड में रविवार को भाजपा ने संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. अंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर एक कार्यक्रम आयोजित किया। नगर के मैरिज हाल में आयोजित जनसभा में वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पण से हुई।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से सभी क्षेत्रों में समानता स्थापित की। उन्होंने दलितों और शोषितों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डॉ. अंबेडकर के सपनों को साकार कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर आरोप लगाया कि इन दलों ने कई बार संविधान से छेड़छाड़ कर सामाजिक समरसता बिगाड़ने का प्रयास किया।
कार्यक्रम में कंपोजिट विद्यालय सोनाडीह की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सुर सम्राट मनोहर सिंह और अमृता ने गीत प्रस्तुत किए। इस अवसर पर पूर्व सांसद बब्बन राजभर, सकलदीप राजभर, धनंजय कन्नौजिया, गोरख पासवान, छट्ठू राम और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

