रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया और देवरिया में बीते एक माह के भीतर हुई चार हत्याओं के विरोध में सैकड़ों लोगों ने कैंडल मार्च निकाला। सम्राट पृथ्वीराज चौहान शब्दबेधी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन चौहान के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।
रविवार की देर शाम गाजीपुर तिराहे पर हुए प्रदर्शन में बलिया, देवरिया, गाजीपुर और आजमगढ़ से लोग शामिल हुए। गाजीपुर से अमन चौहान, बलिया से पूजा चौहान, आजमगढ़ से अश्विनी चौहान और देवरिया से रामसूरत चौहान के परिजन नगर के फातिमा चौराहे पर एकत्र हुए। वहां से गाजीपुर तिराहे तक कैंडल मार्च निकाला गया। मृतकों के परिजनों ने सभी मामलों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पवन चौहान ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर दोषियों को सजा दिलाने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी जातिवाद के प्रभाव में काम कर रहे हैं। इसी कारण पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिल रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और सीबीआई जांच की मांग की। पवन चौहान और उनके समर्थकों ने पीड़ित परिवारों का हौसला बढ़ाया और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। इस बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर कोतवाल अनिल कुमार सिंह अपने हमराही और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ अलर्ट दिखाई दिए।

