रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ/ घोसी लोकसभा से समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
राय ने इस आतंकी हमले को देश के खिलाफ साजिश बताया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार कश्मीर में आतंकवाद के खात्मे का दावा करती है। साथ ही नोटबंदी से काले धन के खात्मे की बात भी कही थी। लेकिन आज भी देश में काला धन और आतंकवाद दोनों मौजूद हैं।
सपा सांसद ने कहा कि जब विपक्ष सलाह देता है, तो उस पर राजनीति करने का आरोप लगाया जाता है। उन्होंने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रधानमंत्री मोदी के सऊदी दौरा रद्द करने का समर्थन करते हुए कहा कि यह सही फैसला था। गृह मंत्री अमित शाह के पहलगाम दौरे को उन्होंने उनकी जिम्मेदारी बताया।