रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। मऊ के रामपुर बेलौली के अलीपुर मर्यादपुर गांव के 19 वर्षीय प्रिंस तिवारी ने भागलपुर पुल से सरयू नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव 30 घंटे बाद तुर्तीपार रेलवे पुल के पास बरामद हुआ।
प्रिंस ने 15 दिन पहले बलिया के भीमपुरा की नेहा यादव से मंदिर में विवाह किया था। नेहा चार दिन पहले मायके चली गई थी।
सोमवार को प्रिंस ससुराल गया और मंगलवार सुबह भागलपुर पुल पहुंचा। वहां से उसने पत्नी को वीडियो कॉल किया और जान देने की बात कही। इसके बाद उसने अपनी बाइक, चाभी और मोबाइल पुल पर छोड़कर नदी में छलांग लगा दी। मृतक के पिता की मृत्यु छह वर्ष पहले हो चुकी थी। वह पांच बहनों का इकलौता भाई और परिवार का एकमात्र सहारा था।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची मां कंचन देवी और उनकी पांच बेटियां रागिनी, श्वेता, सुप्रिया, दीपिका व रितिका का रो-रोकर बुरा हाल था।
शव मिलने के बाद बलिया और देवरिया जनपद की सीमा को लेकर विवाद खड़ा हो गया। करीब दो घंटे तक शव नदी में पड़ा रहा। अंततः बलिया की उभांव थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।