रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
"भैया बचाओ, हमारी जान ले रहे हैं..." - यह चीख सुनते ही हम लोग दौड़े। जब तक हम कुछ समझते, हमारे हाथ पर लाठी पड़ी। एक लड़के को पकड़ लिया, लेकिन तभी मेरे कंधे पर भी लाठी लगी और वह भाग गया। गोलू जमीन पर गिर पड़ा और तभी पीछे से उसे चाकू मार दिया गया।"
यह कहना है मृतक गोलू यादव के पड़ोसी चंदन यादव का। वह बलिया के बैरिया थाना क्षेत्र के शिवन राय टोला निवासी है। चंदन ने बताया कि वे फकरु टोला में अवधेश सिंह मास्टर के तेरही कार्यक्रम में शामिल होकर देर रात लौट रहे थे। करीब 1:30 बजे रास्ते में कुछ लड़के दिखाई दिए, जो दक्षिण दिशा की ओर भागे। तभी एक युवक हैप्पी मिला, जिसने हालचाल पूछा और फिर वे लोग आगे बढ़ गए।
जैसे ही वे करीब 50 मीटर आगे बढ़े, गोलू चिल्लाते हुए दिखा – “भैया बचाओ, मार रहे हैं।" हम लोगों ने रोकने की कोशिश की, लेकिन हमारे ऊपर लाठी से हमला हुआ। गोलू ढेले में गिर गया और तभी किसी ने पीछे से उसे चाकू मार दिया। मृतक के चचेरे चाचा धनजी यादव ने बताया- हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे। वे 'फरसा गैंग' के सदस्य बताए जा रहे हैं।
शिवन राय टोला निवासी हरेंद्र यादव का 15 वर्षीय पुत्र गोलू यादव बृहस्पतिवार की रात फकरु राय टोला में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में गया था। कार्यक्रम के दौरान कुछ लड़कों से उसकी कहासुनी हो गई थी।
रात लगभग 1:30 बजे वह घर लौट रहा था, तभी रास्ते में घात लगाए करीब आधा दर्जन युवकों ने उसे घेरकर चाकुओं से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गोलू को परिजन तुरंत सोनबरसा सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोलू आठवीं कक्षा का छात्र था। गोलू की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया एनएच-31 जाम
शव लेकर परिजन तड़के चार बजे गांव पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों के साथ मिलकर एनएच-31 को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही बैरिया, रेवती, दुबहड़ सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचे एसडीएम बैरिया आलोक कुमार सिंह और सीओ सदर मोहम्मद उस्मान ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, तब जाकर लगभग डेढ़ घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
एसपी ओमवीर ने दिया जांच का भरोसा, मौके पर फोर्स तैनात
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शुक्रवार सुबह घटनास्थल का निरीक्षण किया और कहा- 27 जून की रात करीब 1:30 बजे थाना बैरिया अंतर्गत एक सूचना मिली कि एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक गोलू यादव तेरही से लौट रहा था, तभी कुछ अज्ञात युवकों से विवाद हुआ और हमला हो गया।
उन्होंने बताया कि एफआईआर दर्ज की जा रही है, प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर कुछ अभियुक्तों की पहचान हो चुकी है। अन्य की तलाश जारी है और गिरफ्तारियों के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
*गोलू पढ़ाई में तेज था, परिवार सदमे में*
मृतक गोलू यादव हाई स्कूल का छात्र था और पढ़ाई में होशियार माना जाता था। वह पांच भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी एक बहन भी है। बेटे की मौत से मां चिंता देवी, पिता हरेंद्र यादव, दादी कलावती देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

