रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया: जनपद बलिया के सीयर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर तैनात वरिष्ठ महिला चिकित्सक डॉ. पूजा सिंह को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। कई इंटरनेशनल नंबरों से आपत्तिजनक भाषा में धमकियां दी जा रही हैं। डॉ. पूजा ने इस मामले की लिखित शिकायत बलिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) से की है, जिसमें उन्होंने अपनी सुरक्षा और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
डॉ. पूजा सिंह ने बताया कि धमकी भरे कॉल्स के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान और अपनी सुरक्षा को लेकर भयभीत हैं। उन्होंने इस घटना की जानकारी स्थानीय उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और बलिया के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को भी दी है।
डॉ. पूजा के अनुसार, फरवरी माह में एक मेडिको-लीगल केस के तहत एक हिंदू लड़की, जो सामूहिक बलात्कार की शिकार थी, की मेडिकल जांच रिपोर्ट उन्होंने तैयार की थी। इसके बाद से उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है। 23 जून को एक स्थानीय सभासद ने उन पर एक मरीज से 3,500 रुपये लेने का झूठा आरोप लगाया और उनका व्यक्तिगत मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया। इसके बाद से उन्हें कई नंबरों से धमकी भरे फोन कॉल्स आ रहे हैं।
डॉ. पूजा ने सभी आरोपों को निराधार और मनगढ़ंत बताया है। उन्होंने धमकी देने वालों के ऑडियो रिकॉर्डिंग और मोबाइल नंबर पुलिस को सौंप दिए हैं। साथ ही, उन्होंने पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, और स्थानीय प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।
