रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। बलिया के बेल्थरा रोड पर शुक्रवार रात को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। यह मुठभेड़ पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत हुई। मुठभेड़ में आरोपी नितीश कुमार सिंह उर्फ मोहन सिंह के पैर में गोली लगी, जिससे बदमाश घायल हो गया पुलिस ने आरोपी के पास से 32 बोर की अवैध पिस्टल, दो खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
शुक्रवार की आधी रात को पुलिस ने मुठभेड़ में देवरिया के नन्दपुर कुकर घाटी निवासी 24 वर्षीय नितीश कुमार सिंह उर्फ मोहन सिंह को पकड़ा। पकड़े जाने पर आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग की। इस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई। आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी बरहज निवासी विकास सोनकर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
पूछताछ में नितीश ने कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकारी। उसने 16 सितम्बर को अपने साथियों के साथ महिला अध्यापिका राधिका वर्मा से सोने की चेन छीनी थी। साहूपुर में शिक्षक देवेन्द्र प्रताप यादव और महिला अध्यापिका कंचन सिंह से चेन व अंगूठी लूटी थी। इसी दौरान शिक्षक देवेन्द्र प्रताप यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
मुठभेड़ में पुलिस ने आरोपी से 32 बोर की अवैध पिस्टल, दो खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक और लूट के माल की बिक्री से मिले 12,530 रुपये भी जब्त किए गए हैं। घायल बदमाश का इलाज सदर अस्पताल बलिया में चल रहा है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं।

