रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ: जिले के व्यस्ततम बाजार क्षेत्र में स्थित अली बिल्डिंग के पीछे वाली संकरी गली अवैध वाहन पार्किंग की भेंट चढ़ गई है। सरहु चौकी अंतर्गत आने वाली इस गली में आए दिन बाजार करने वाले और अली बिल्डिंग में काम करने वाले लोग अपने वाहनों को बेतरतीब ढंग से खड़ा कर देते हैं, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्ला वासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
अली बिल्डिंग रोडवेज और आजमगढ़ तिराहा के बीच स्थित यह क्षेत्र नगर का सबसे व्यस्त मार्केट है। एक तरफ अली बिल्डिंग और लोगों के मकान हैं, तो दूसरी तरफ मोहल्ला, जबकि बीच में मात्र एक पतली गली है जो लोगों के आने-जाने का एकमात्र रास्ता है। लेकिन इस गली को वाहन मालिकों ने पार्किंग स्थल बना रखा है। स्थानीय निवासी बताते हैं कि वाहन उनके घरों के दरवाजे तक खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे घर से बाहर निकलना या अंदर जाना मुश्किल हो जाता है। राहगीरों को भी वाहनों के बीच से गुजरते हुए मशक्कत झेलनी पड़ती है।
खास बात यह है कि यह इलाका मऊ रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टेशन से महज चंद दूरी पर है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इस गली को खाली रखना चाहिए, ताकि आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस या फायर ब्रिगेड जैसी सेवाएं आसानी से पहुंच सकें। लेकिन अवैध पार्किंग ने इसे जोखिम भरा बना दिया है। मोहल्ला वासियों में इसको लेकर भारी आक्रोश है। उन्होंने कई बार पुलिस और नगर पालिका से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रशासन मुकदर्शक बना हुआ है।
